भदोही
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भदोही साइकिलिंग क्लब ने निकाली जन-जागरूकता साइकिल यात्रा
“करो योग, रहो निरोग” का दिया संदेश, उत्सव लान में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
स्वास्थ्य, योग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को किया जागरूक
गोपीगंज (भदोही)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भदोही साइकिलिंग क्लब द्वारा स्वास्थ्य, योग एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित जन-जागरूकता साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़े चौराहे से शुरू हुई इस यात्रा का नेतृत्व ‘साइकिल मैन भदोही’ एवं क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी ने किया।
साइकिल यात्रा के माध्यम से क्लब के सदस्यों ने स्वस्थ जीवनशैली, नियमित योगाभ्यास और हरित पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। यात्रा में शामिल युवाओं और नागरिकों ने नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए योग और स्वास्थ्य से जुड़े प्रेरणादायक नारे लगाए।
योग और साइकिलिंग स्वस्थ जीवन के आधार स्तंभ : अताउल मुस्तफा अंसारी
क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अताउल मुस्तफा अंसारी ने कहा कि योग और साइकिलिंग दोनों ही स्वस्थ शरीर, संतुलित मन तथा स्वच्छ पर्यावरण के महत्वपूर्ण आधार हैं। यदि इन्हें दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति न केवल स्वयं स्वस्थ रह सकता है, बल्कि स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण में भी योगदान दे सकता है।
राष्ट्रीय सचिव प्रवीण श्रीवास्तव ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, स्वस्थ जीवन और प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर रोगमुक्त और ऊर्जावान बना रहता है।
नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली जागरूकता यात्रा
साइकिल यात्रा बड़े चौराहे से प्रारंभ होकर लाई बाजार, पड़ाव, स्टेशन रोड, पश्चिम मोहाल, छोटी चौराहा, खड़हट्टी मोहाल, मिर्जापुर रोड तथा काली देवी क्षेत्र सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने “करो योग, रहो निरोग”, “हर दिन योग, जीवन भर निरोग”, “योग अपनाएं, स्वस्थ भारत बनाएं” तथा “योग है स्वास्थ्य का आधार, खुशहाल जीवन का उपहार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
उत्सव लान में हुआ योग सत्र
साइकिल यात्रा का समापन मिर्जापुर रोड स्थित उत्सव लान में हुआ, जहां आयोजित योग सत्र में योगगुरु पंडित विष्णुकांत पाण्डेय ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।
उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए सभी से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
बड़ी संख्या में युवाओं ने की सहभागिता
इस जन-जागरूकता अभियान में प्रेमधर तिवारी, प्रमोद मौर्य, जगदीश यादव, राजीव जायसवाल, पंकज सिंह, सरफराज अहमद, श्याम सुंदर बिंद, रितिक कनौजिया, उज्ज्वल गुप्ता, अनुराग मोदनवाल, अशोक राजभर, महमूद आलम, रोहित बिंद सहित बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
