भदोही
पारिवारिक विवाद के बाद लापता हैंडपाइप मिस्त्री का गंगा में मिला शव
ज्ञानानंद घाट पर चप्पल-गमछा मिलने के बाद गोताखोरों ने निकाला शव
पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकले थे माताफेर गौतम, परिजनों में कोहराम
गोपीगंज (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र के कौलापुर गांव निवासी हैंडपाइप मिस्त्री माताफेर गौतम (57) का शव रविवार को गंगा नदी से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद वह 20 जून की रात घर से लापता हो गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कौलापुर निवासी माताफेर गौतम उर्फ छोटे मिस्त्री 20 जून की देर रात पारिवारिक विवाद के बाद नाराज होकर घर से निकल गए थे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
ज्ञानानंद घाट पर मिले थे चप्पल और गमछा
रविवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम बिहरोजपुर स्थित ज्ञानानंद घाट पर उनकी चप्पल और गमछा मिलने की सूचना पर परिजनों ने आशंका जताई कि उन्होंने गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कराया।
गंगा से बरामद हुआ शव
काफी मशक्कत के बाद रविवार दोपहर गोताखोरों ने गंगा नदी से माताफेर गौतम का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
बताया जाता है कि मृतक हैंडपाइप बनाने का कार्य करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
