Connect with us

गाजीपुर

गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ी विराट यादव का भारतीय सेना में चयन

Published

on

Loading...
Loading...

बिहार रेजिमेंट में मिली जगह, खेल प्रतिभा और मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता

सम्मान समारोह आयोजित कर एकेडमी ने दी शुभकामनाएं, क्षेत्र में खुशी की लहर

गाजीपुर। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के लिए एक बार फिर गौरव का क्षण आया है। एकेडमी के प्रतिभावान खिलाड़ी विराट यादव का चयन भारतीय थल सेना की प्रतिष्ठित बिहार रेजिमेंट में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से एकेडमी, परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

कुश्ती से वुशू तक का प्रेरणादायक सफर

विराट यादव जनपद गाजीपुर के देवकली विकासखंड अंतर्गत जेवल के छपरा गांव निवासी रामअवतार यादव एवं बिंदु देवी के पुत्र हैं। लगभग चार वर्ष पूर्व वह गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह के संपर्क में आए। उस समय वह कुश्ती के खिलाड़ी थे।

अमित कुमार सिंह ने उनकी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें वुशू खेल का विशेष प्रशिक्षण देना शुरू किया। उन्होंने बताया कि कुश्ती में दक्ष होने के कारण विराट को थ्रो तकनीक में स्वाभाविक महारत हासिल थी। इसी आधार पर उन्हें बॉक्सिंग के पंच और ताइक्वांडो की किक का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनके खेल प्रदर्शन में उल्लेखनीय निखार आया।

Advertisement

साई प्रशिक्षण शिविर में भी मिला अवसर

निरंतर मेहनत और प्रशिक्षण के बल पर विराट यादव ने विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें पटना स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण शिविर में भी भाग लेने का अवसर मिला।

एकेडमी प्रबंधन के अनुसार इस प्रशिक्षण ने उनकी तकनीकी क्षमता और आत्मविश्वास को और मजबूत किया।

बिहार रेजिमेंट की भर्ती प्रक्रिया में रहे सफल

भारतीय सेना की बिहार रेजिमेंट की भर्ती प्रक्रिया के दौरान आयोजित स्पोर्ट्स कोटा ट्रायल में विराट यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने उत्कृष्ट अंकों के साथ सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए भारतीय सेना में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

इस उपलब्धि से गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में उत्साह और गर्व का माहौल है।

उज्ज्वल भविष्य की कामना

विराट यादव शीघ्र ही भारतीय सेना के छह माह के प्रारंभिक प्रशिक्षण के लिए रवाना होंगे। इस अवसर पर रविवार को गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में उनके सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया।

Advertisement

समारोह में प्रदेश शासन के वाणिज्य कर विभाग के पूर्व आयुक्त महेंद्र प्रताप पांडेय, श्रीजी मेडिकल सैदपुर के प्रबंधक गोपेश पांडेय, ए.के. नेशनल इंटर कॉलेज औड़िहार के प्रबंधक अवधेश सिंह ‘गुड्डू सिंह’, सुनील यादव, रविंद्र राम, योगेश प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

उपस्थित लोगों ने विराट यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page