गाजीपुर
सूचना विभाग का आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” लॉन्च
सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की मिलेगी प्रमाणिक व त्वरित जानकारी
गाजीपुर | लखनऊ, 20 जून उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ किया है। चैनल का लोकार्पण शनिवार को लोक भवन, लखनऊ में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अरविंद कुमार मिश्र द्वारा किया
गया।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचेगी आमजन तक
इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
“सूचना प्रवाह” उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की प्रमाणिक, तथ्यपरक और त्वरित जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
वृत्तचित्र और विशेष रिपोर्टों का भी होगा प्रसारण
चैनल पर विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियान तथा महत्वपूर्ण आयोजनों से संबंधित सामग्री का नियमित प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न पहलों और विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार और जनता के बीच बनेगा मजबूत संवाद सेतु
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। ऐसे में “सूचना प्रवाह” सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त सेतु सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सहज रूप में उपलब्ध कराई
जाएगी।
आधुनिक तकनीकों के साथ बढ़ रहा जनसंचार
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। “सूचना प्रवाह” के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मंच नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ शासन और आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डिजिटल युग में सूचना प्रसार का नया माध्यम
“सूचना प्रवाह” यूट्यूब चैनल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण सूचनाओं के प्रभावी प्रसार का एक सशक्त माध्यम बनेगा तथा डिजिटल युग में सूचना विभाग की पहुंच को और व्यापक बनाएगा।
