गाजीपुर
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 511 शिकायतें प्राप्त, 51 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सुनीं जनसमस्याएं
राजस्व और पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर विवादों के त्वरित समाधान के निर्देश
गाजीपुर, 20 जून 2026। जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी उपस्थित रहे। इस दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए
अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
तहसील सदर में कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 511 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 51 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।
विभिन्न तहसीलों में प्राप्त शिकायतों का विवरण
- सेवराई तहसील : 66 शिकायतें, 4 का मौके पर निस्तारण
- कासिमाबाद तहसील : 61 शिकायतें, 6 का निस्तारण
- जमानियां तहसील : 56 शिकायतें, 6 का निस्तारण
- जखनियां तहसील : 120 शिकायतें, 6 का निस्तारण
- सैदपुर तहसील : 81 शिकायतें, 5 का निस्तारण
- मुहम्मदाबाद तहसील : 75 शिकायतें, 15 का निस्तारण
- जमीनी विवादों के समाधान पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश जमीनी और आपसी विवाद राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े होते हैं, इसलिए दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर मामलों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
