वाराणसी
राहुल गांधी का जन्मदिवस सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के रूप में मनाया गया
महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी ने खिचड़ी वितरण कर मनाया जन्मदिवस, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती का लिया संकल्प
वाराणसी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी के तत्वावधान में दशाश्वमेध स्थित खिचड़ी बाबा मंदिर में सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं, जरूरतमंदों और आमजन के बीच खिचड़ी का वितरण किया गया।
मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा खिचड़ी बाबा मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन एवं आरती के साथ हुई। इस दौरान देश में सुख, शांति, समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद मंदिर परिसर एवं आसपास मौजूद लोगों को खिचड़ी वितरित की गई।
राहुल गांधी को युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज बताया
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने जारी बयान में कहा कि राहुल गांधी आज देश के करोड़ों युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों तथा समाज के वंचित और कमजोर वर्गों की सशक्त आवाज हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए संसद से लेकर सड़क तक आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी ने लगातार मुखर होकर अपनी बात रखी है। उनका राजनीतिक जीवन सत्य, संघर्ष, त्याग और जनसेवा की भावना से प्रेरित रहा है।
सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और संवैधानिक मूल्यों की स्थापना के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।
राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि राहुल गांधी का जन्मदिवस केवल एक नेता का जन्मदिन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता समाज के गरीब, कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, गणेश शंकर पाण्डेय, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, संतोष चौरसिया, अब्दुल हमीद डोडे, प्रमोद वर्मा, नरसिंह दास, ब्रह्मदत्त त्रिपाठी, विनोद शुक्ला, अखिलेश पाण्डेय, आकाश त्रिपाठी, विवेक यादव, आकाश मल्होत्रा, दीपक यादव, आशीष त्रिपाठी, रामजी गुप्ता, महेन्द्र, शशी सोनकर, कृष्णा लाल गौड़, जमील अंसारी सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
