गाजीपुर
देवकली ब्लॉक क्षेत्र में मोहर्रम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च
रामपुर माझा बाजार में थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने किया सुरक्षा प्रदर्शन
कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती
गाजीपुर (देवकली) | देवकली ब्लॉक के समीपवर्ती गांव रामपुर माझा में मोहर्रम के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ रामपुर माझा बाजार में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी
फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने या किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पांच हजार से अधिक आबादी वाले गांव में बढ़ी निगरानी
करीब पांच हजार से अधिक आबादी वाले इस ग्राम सभा में त्योहार को देखते हुए पुलिस की सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्थानीय पुलिस द्वारा आम जनमानस के साथ संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सख्त निगरानी व्यवस्था
गाजीपुर पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में ताजियों के निर्धारित रूट और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पीस कमेटी की बैठक और अपील
नायब तहसीलदार सैदपुर और थाना प्रभारी रामपुर माझा ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर ताजियादारों और पीस कमेटी सदस्यों को संबोधित किया।
उन्होंने अपील की कि मोहर्रम का त्योहार शांति, सादगी और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए।
बाजार में फ्लैग मार्च, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर
बैठक के बाद रामपुर माझा बाजार में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी व्यवस्था भी लागू की गई है, ताकि आगामी मोहर्रम का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
