बलिया
18 लीटर अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास पुलिस की कार्रवाई, 90 शीशियां शराब बरामद
बलिया। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दुबहड़ थाना पुलिस ने एक युवक को 18 लीटर अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गुरुवार को चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के दौरान दुबहड़ थाना पुलिस ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पुल के समीप जनेश्वर मिश्र सेतु मार्ग स्थित जनाड़ी गांव क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली।
90 शीशियां देशी शराब बरामद
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 200 एमएल की “बन्टी-बबली” ब्रांड की 90 शीशियां अवैध देशी शराब बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 18 लीटर बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पियूष कुमार गुप्ता (22) पुत्र कृष्णा गुप्ता, निवासी बस्ती बुजुर्ग, थाना सिकंदरपुर, जनपद बलिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध थाना दुबहड़ में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
