गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गाजीपुर पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान
बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चलाया गया जनजागरूकता कार्यक्रम
एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग, शोहदों के खिलाफ हुई कार्रवाई
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में विभिन्न जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी।

इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। टीमों ने विद्यालयों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की तथा शोहदों एवं महिला उत्पीड़न से जुड़े तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
