गाजीपुर
भाजपा की छात्र-युवा विरोधी नीतियों से निराश युवाओं ने थामा कांग्रेस का दामन
राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित होकर दर्जनों छात्र-युवाओं ने ग्रहण की सदस्यता
गाजीपुर में कांग्रेस सदस्यता अभियान के दौरान युवाओं ने रोजगार, शिक्षा और छात्र हितों के मुद्दों पर जताया भरोसा
गाजीपुर। शहर कांग्रेस कैंप कार्यालय, सकलेनाबाद में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार की कथित छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों, बढ़ती बेरोजगारी, महंगी होती शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के घटते अवसरों से निराश दर्जनों छात्र-युवाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संघर्ष, संविधान संरक्षण अभियान तथा युवाओं की आवाज को मुखरता से उठाने की पहल से प्रभावित होकर छात्रों ने कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा की उपस्थिति में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश राय के नेतृत्व में नवयुवकों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष सुनील राम ने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस का पट्टा पहनाकर स्वागत किया।
जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य के नाम पर केवल आश्वासन दिए हैं, जबकि बेरोजगारी लगातार बढ़ी है और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं ने छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा समझ चुका है कि उसकी आवाज संसद से लेकर सड़क तक सबसे मजबूती से राहुल गांधी उठा रहे हैं, इसलिए बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल प्रचार की राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस जनता के सरोकारों को प्राथमिकता देती है।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। जब छात्र जागरूक होता है तो देश की दिशा और दशा दोनों बदलती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है और रोजगार के अवसर सीमित हो रहे हैं। ऐसे समय में राहुल गांधी युवाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिससे छात्र वर्ग उनके साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश राय ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से छात्र वर्ग में व्यापक निराशा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हैं और परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे माहौल में कांग्रेस की जनपक्षधर नीतियां और राहुल गांधी के विचार युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में छात्र संगठन को और मजबूत कर युवाओं की आवाज को बुलंद किया जाएगा।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में अमृतांश बिंद, शिवम पटेल, अमरीश प्रताप सिंह, अमित मौर्य, मोहम्मद सैफ, इजहार, अमन यादव, सत्येंद्र यादव, चंद्रहास यादव एवं रिजवान प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता लाल साहब यादव, हामिद अली, आशुतोष, विद्याधर पांडेय, आलोक यादव, ताहिर अब्बासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा उपस्थित रहे। वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
