Connect with us

मिर्ज़ापुर

डायरिया से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं : डॉ. धीरज कुमार

Published

on

Loading...
Loading...

चील्ह ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आशा संगिनी को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

डायरिया की शीघ्र पहचान, प्राथमिक उपचार और रोकथाम के उपायों पर किया गया जागरूक

मिर्जापुर। स्वास्थ्य विभाग जनपद में डायरिया नियंत्रण और रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में डायरिया के लिहाज से संवेदनशील चील्ह ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं आशा संगिनी को डायरिया की शीघ्र पहचान, प्राथमिक उपचार और रोकथाम के संबंध में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) एवं केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को दो बैचों में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को डायरिया से बचाव के लिए स्वच्छ पेयजल के महत्व पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि दूषित पानी डायरिया का प्रमुख कारण है, इसलिए लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पानी के उपयोग के लिए प्रेरित करें।

प्रशिक्षण सत्र में मुख्य प्रशिक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. धीरज कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान डायरिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सलाह दी कि पानी को उबालकर, छानकर और ठंडा करके ही पीना चाहिए तथा हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

Advertisement

डॉ. कुमार ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम की भूमिका डायरिया की रोकथाम में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्हें समुदाय में जागरूकता फैलाने, रोग की शीघ्र पहचान करने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार परामर्श और उपचार सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। साथ ही फ्रंटलाइन वर्कर्स को डायरिया की रोकथाम और उपचार के प्रभावी तरीकों का दस्तावेजीकरण करने तथा दूरस्थ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक इन उपायों को पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण में डायरिया के प्राथमिक उपचार के रूप में ओआरएस घोल और जिंक की सही खुराक के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा बच्चों के नियमित टीकाकरण, डायरिया प्रभावित एवं अति कुपोषित बच्चों का रिकॉर्ड संधारण और स्वास्थ्य निगरानी के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शशी भूषण, बीसीपीएम सच्चिदानंद भारती, पीएसआई इंडिया से विष्णु प्रकाश सहित अन्य प्रशिक्षकों ने भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। प्रशिक्षण के सफल आयोजन में पीएसआई इंडिया की अर्चना मिश्रा और राम किशोर त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page