वाराणसी
शादी समारोह में खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी की मौत
वाराणसी के मरुई गांव में विवाह समारोह के दौरान मारपीट, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र स्थित जक्खिनी पुलिस चौकी के मरुई गांव में एक विवाह समारोह के दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जयमाल के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मरुई गांव निवासी हिमांशु राम का विवाह मिर्जापुर जनपद के बगहा निवासी रेखा देवी के साथ हो रहा था। विवाह समारोह दूल्हे के घर पर आयोजित था। बताया जा रहा है कि जयमाल कार्यक्रम के दौरान लड़की पक्ष के कुछ लोगों और अन्य लोगों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
मारपीट का विरोध करना पड़ा भारी
शोर-शराबा सुनकर घर के बाहर सो रहे पड़ोसी बहादुर राम (52) मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद बहादुर राम अपने घर के पास घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार किए जाने का निशान पाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर जक्खिनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक बहादुर राम अपने पीछे पत्नी नौरंगी देवी, तीन पुत्रियां रंजना देवी, एजोरा देवी, ननका देवी तथा एक पुत्र किशन राम को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
राजातालाब थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। कुछ लोग गोली लगने की बात कह रहे हैं, जबकि मृतक के सीने पर नुकीली वस्तु से प्रहार का निशान मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
दूल्हा-दुल्हन को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस ने मामले की जांच के लिए दूल्हा और दुल्हन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
