गाजीपुर
कमर तोड़ महंगाई से जनता परेशान, समाधान की मांग तेज
भारतीय समाज सहायता संस्था की गोष्ठी में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर जताई गई चिंता
पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सब्जियों की बढ़ती कीमतों से आमजन का बजट बिगड़ा
बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद स्थित भारतीय समाज सहायता संस्था के तत्वावधान में “कमर तोड़ महंगाई और समाधान” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा क्षेत्र के नागरिकों ने भाग लेकर बढ़ती महंगाई और उसके प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष मदन गाजीपुरी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के माध्यम से लोगों को नियमित रोजगार मिल जाता था, लेकिन वर्तमान में मजदूरों को काम के लिए भटकना पड़ रहा है और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस के दामों में लगातार वृद्धि होने से आम लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण महिलाओं को खाना बनाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर परिवहन लागत पर पड़ा है। माल भाड़ा बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं।
गोष्ठी में वक्ताओं ने सब्जियों की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि टमाटर सहित कई आवश्यक सब्जियों के दामों में भारी वृद्धि हुई है, जबकि अदरक और मसालों की कीमतें भी आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। थोक महंगाई दर में वृद्धि का असर कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य घरेलू वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार से प्रभावी और ठोस कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर डॉ. पुरुषोत्तम राम, मुमताज अहमद, समाजसेवी अनिल यादव, हीरावती देवी, चंद्रप्रभा देवी, अनीता देवी, शमशाद अहमद, अबरार अहमद, जुल्फिकार अहमद एवं नगीना राम सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
