गाजीपुर
बंद मकान में लाखों की चोरी, खाद्यान्न, आभूषण और गृहस्थी का सामान ले गए चोर
दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के डिल्ला गांव की घटना, पीड़िता ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के डिल्ला गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के खाद्यान्न, आभूषण और गृहस्थी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
परिवार के दिल्ली में रहने का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार डिल्ला गांव निवासी श्वेता भारती पत्नी विकांत राम अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहती हैं। कुछ दिन पूर्व परिवार के अन्य सदस्य गांव से दिल्ली चले गए थे, जबकि श्वेता भारती अपने मायके गई हुई थीं।
17 जून को गांव से सूचना मिली कि उनके घर का सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलने पर जब वह गांव पहुंचीं तो घर का मुख्य दरवाजा और बक्से टूटे मिले तथा घर में रखा कीमती सामान गायब था।
8 कुंतल चावल और 6 कुंतल गेहूं भी ले गए चोर
पीड़िता के अनुसार चोर घर में रखा लगभग 8 कुंतल चावल, 6 कुंतल गेहूं, सोने-चांदी के आभूषण, कूलर, दो पंखे, गैस सिलेंडर, स्टेबलाइजर, कपड़े, बर्तन समेत अन्य गृहस्थी का सामान चोरी कर ले गए।
इसके अलावा चोरों ने घर में रखे बक्सों को तोड़ दिया तथा बेड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। चोरी की घटना के बाद घर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला।
परिवार को हुआ भारी आर्थिक नुकसान
पीड़िता श्वेता भारती ने बताया कि चोरी के बाद घर में खाने-पीने तक का सामान नहीं बचा है। इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है और वे गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के संबंध में पीड़िता ने दुल्लहपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
