भदोही
मोहर्रम को लेकर भदोही पुलिस का फ्लैग मार्च
मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था की परखी गई तैयारियां
शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
भदोही। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से भदोही पुलिस द्वारा जनपद भर में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा भारी पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
भीड़-भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर
मोहर्रम पर्व को देखते हुए जनपद के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील चौराहों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस द्वारा पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया गया।
इस दौरान भदोही रेलवे स्टेशन रोड, रजपुरा चौराहा, मुख्य भदोही बाजार, ज्ञानपुर कस्बा, गोपीगंज मुख्य बाजार, मिर्जापुर रोड तिराहा, औराई चौराहा (एनएच-2), घोसिया, खमरिया, सुरियावां मार्केट रोड, स्टेशन रोड सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
इसके अलावा थाना कोइरौना, ऊंज, दुर्गागंज और चौरी क्षेत्र के कस्बाई बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भी फ्लैग मार्च किया गया।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हुई सघन जांच
पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल ने बाजारों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की गहन जांच की। सर्राफा बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा प्रस्तावित ताजिया जुलूस मार्गों का भी विशेष निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें आगामी मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ पारंपरिक तरीके से मनाने की अपील की।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।
त्योहारों को शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस सतर्क
भदोही पुलिस का कहना है कि मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। जनपद में लगातार गश्त, निगरानी और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
