गाजीपुर
मार्च में बना सड़क मार्ग, लेकिन अधूरा आरसीसी निर्माण बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत
डढ़वल से बाबा गजाधर दास इंटर कॉलेज तक जाने वाले लिंक रोड पर जलभराव और कीचड़ से बढ़ी परेशानी
बरसात से पहले निर्माण पूरा कराने की ग्रामीणों ने उठाई मांग, दुर्घटना की जताई आशंका
गाजीपुर। सादात-मेहनाजपुर मुख्य मार्ग से जुड़े डढ़वल से ग्राम सभा डहरमौवा स्थित बाबा गजाधर दास इंटर कॉलेज तक जाने वाले लिंक रोड का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से क्षेत्रीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मार्च माह में सड़क का पिच निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया था, लेकिन बीच का एक हिस्सा आरसीसी निर्माण के लिए छोड़ दिया गया, जो कई महीने बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है।
हजारों लोगों और विद्यार्थियों के आवागमन का प्रमुख मार्ग
यह मार्ग डहरमौवा, बसुखारी, इकरा, कुड़वा, कटया, मखदुमपुर और गौरा समेत कई गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी इसी सड़क से विद्यालय आते-जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा शेष कार्य जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जलभराव और कीचड़ से बढ़ी मुश्किलें
ग्रामीणों के अनुसार अधूरे पड़े हिस्से में बारिश का पानी जमा हो जाता है, जिससे सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है। सड़क के दोनों तरफ मकान होने के कारण लोगों के पास निकलने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं बचती। ऐसे में पैदल राहगीरों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्घटना की बनी रहती है आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में ही सड़क का यह हिस्सा फिसलन भरा हो जाता है और कई लोग दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच चुके हैं। यदि बरसात के मौसम से पहले आरसीसी निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा किसी बड़ी दुर्घटना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के शिव प्रकाश यादव, राजेश खरवार, विनय प्रकाश, उमेश प्रजापति, अर्जुन प्रजापति, सुभाष यादव, संतोष यादव, अरविंद यादव और पप्पू गोंड सहित अन्य ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए अधूरे पड़े आरसीसी निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जनहित और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी समाप्त कर जल्द से जल्द मार्ग को पूरी तरह सुचारु बनाया जाए।
