Connect with us

गाजीपुर

नायकडीह हाल्ट बाजार की जर्जर सड़क पर फूटा जनाक्रोश

Published

on

Loading...
Loading...

सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों और व्यापारियों ने किया अनोखा विरोध प्रदर्शन

एनएच-124D निर्माण में लगे भारी वाहनों से 150 मीटर सड़क हुई बदहाल, जल्द मरम्मत की मांग

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। नायकडीह हाल्ट बाजार में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग-124D के निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों और ट्रकों के लगातार आवागमन से बाजार के समीप लगभग 150 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण राहगीरों, व्यापारियों तथा स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व सांसद से की गई सड़क निर्माण की मांग

क्षेत्रीय जनता की मांग पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव ने सड़क की जर्जर स्थिति को गंभीर बताते हुए पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह से वार्ता कर शीघ्र नवनिर्माण की मांग उठाई। इस पर पूर्व सांसद ने सड़क को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।

Advertisement

धान रोपकर जताया विरोध

सड़क की दुर्दशा से नाराज स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और समाजसेवियों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गड्ढों और जलभराव वाली सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बरसात के दिनों में सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे लोगों का आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ती है।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे क्षेत्रीय जनता में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

Advertisement

आंदोलन की दी चेतावनी

ग्रामीणों और व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्रीय जनता व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन में डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव, अध्यक्ष संतोष वर्णवाल, गुड्डू जायसवाल, रामप्रवेश, उमेश, अजीत, सुनील, मंगल, बलवंत, प्रहलाद, शेखर, हरिचरण, विंध्याचल, राजेश, शुभम, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में दुकानदार, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page