गोरखपुर
विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला शातिर आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार
लुकआउट नोटिस के आधार पर कैंपियरगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा गोरखपुर
कैंपियरगंज (गोरखपुर)। विदेश भेजने, पासपोर्ट-वीजा बनवाने और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कैंपियरगंज पुलिस ने लुकआउट नोटिस के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई एयरपोर्ट) से गिरफ्तार किया है।
ट्रैवल एजेंसी की आड़ में करता था ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार सिंह उर्फ आकाश सिंह उर्फ विनय सिंह निवासी करहिया हजारी पट्टी, थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। वह कैंपियरगंज कस्बे के करमैनी रोड पर ‘स्काई टूर ट्रेवल्स टेस्ट ट्रेनिंग सेंटर’ नामक संस्था संचालित करता था।
आरोप है कि आरोपी इसी संस्था की आड़ में लोगों को विदेश भेजने और आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूलता था।
लाखों रुपये लेकर हुआ था फरार
पीड़ितों के अनुसार रकम लेने के बाद आरोपी न तो वीजा उपलब्ध कराता था और न ही पैसे वापस करता था। लगातार शिकायतों के बाद उसके खिलाफ कैंपियरगंज थाने में धोखाधड़ी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था।
गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज के लोग हुए शिकार
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज जनपद के कई लोगों को विदेश भेजने का सपना दिखाकर ठगी का शिकार बनाया। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी से जुड़े कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस को आशंका थी कि आरोपी देश छोड़कर विदेश भाग सकता है। इसी को देखते हुए उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया गया था।
आरोपी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके पूरे नेटवर्क, सहयोगियों और ठगी की कुल रकम का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान ठगी के और भी मामले सामने आ सकते हैं तथा कई अन्य पीड़ित भी शिकायत लेकर आगे आ सकते हैं।
