गाजीपुर
मौसम ने ली करवट, झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले
गर्मी और उमस से मिली राहत, खरीफ फसलों की तैयारी को मिला बल
भांवरकोल (गाजीपुर)। गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और सुबह से रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे आमजन के साथ किसानों के चेहरे भी खिल उठे।
धान की खेती को मिलेगा फायदा
किसानों का कहना है कि यह वर्षा खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। क्षेत्र के कुछ किसानों ने रोहिणी नक्षत्र में ही धान की नर्सरी (बिचड़ा) डाल दी थी, जबकि कई किसान अब बारिश के बाद धान का बीज डालने की तैयारी में जुट गए हैं। खेतों में पर्याप्त नमी आने से जुताई और अन्य कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
बागवानी और सब्जी उत्पादकों को राहत
बारिश से आम, केला, जामुन तथा विभिन्न सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। कृषि जानकारों के अनुसार इस वर्षा से फलों की गुणवत्ता में सुधार होगा। आम और जामुन में मिठास बढ़ने के साथ उनका आकार बेहतर होगा तथा समय से पहले फल गिरने की समस्या में कमी आएगी।
सब्जियों की बढ़वार के लिए अनुकूल मौसम
सब्जी उत्पादक किसानों का मानना है कि बारिश से फसलों को प्राकृतिक सिंचाई मिली है, जिससे उनकी बढ़वार तेज होगी और उत्पादन में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी। साथ ही सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत
किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह वर्षा खरीफ सीजन की तैयारियों को गति देने के साथ कृषि उत्पादन के लिए शुभ संकेत लेकर आई है। यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी प्रकार अनुकूल बना रहा तो क्षेत्र में अच्छी पैदावार की उम्मीद की जा सकती है।
