वाराणसी
प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धि पर खिलाड़ियों ने मनाया जश्न
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने किया सम्मान, खेलो इंडिया योजना की सराहना
खेल सुविधाओं के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण को बताया बड़ी उपलब्धि
वाराणसी। काशी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर गुरुवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेल क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए खेलो इंडिया योजना को खिलाड़ियों के लिए वरदान बताया।
राष्ट्रीय खिलाड़ी सुरम्या पाठक, प्रीति पटेल और स्नेहा चौहान ने कहा कि खेलो इंडिया योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन सुविधाओं का कभी सपना देखा जाता था, वे अब वास्तविकता बन चुकी हैं।
खिलाड़ियों को मिल रहा आधुनिक खेल ढांचे का लाभ
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अभय कुमार दुबे और अंशु रजक ने बताया कि बीएचयू और यूपी कॉलेज में संचालित खेलो इंडिया केंद्रों से खिलाड़ियों को काफी लाभ मिल रहा है। इससे युवा खिलाड़ियों का खेल कौशल लगातार निखर रहा है और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
खिलाड़ियों ने बताया कि डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में स्थापित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी का लाभ भी अब स्थानीय खिलाड़ियों को मिलने लगा है, जिससे खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिल रही है।
गांजारी क्रिकेट स्टेडियम को बताया गेम चेंजर
खिलाड़ियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर गांजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके शुरू होने के बाद वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के साथ-साथ आईपीएल मुकाबलों के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा, जिससे पूर्वांचल के खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी।
पोस्टर लेकर लगाया स्टेडियम का चक्कर
जश्न के दौरान खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशाल पोस्टर लेकर स्टेडियम परिसर का कई बार चक्कर लगाया और खुशी का इजहार किया। खिलाड़ियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेलों के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है, जिससे युवाओं को नई प्रेरणा मिल रही है।
खेलो इंडिया से बढ़ा आत्मविश्वास
खिलाड़ियों ने कहा कि खेलो इंडिया योजना ने केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का काम नहीं किया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। बेहतर संसाधनों और प्रशिक्षण सुविधाओं के कारण अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ी भी बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खेलों के विकास और खिलाड़ियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में वाराणसी देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी पहचान स्थापित करेगा।
