गोरखपुर
ब्रह्मभोज के दौरान विवाद में छोटे भाई की गोली मारकर हत्या
खर्च को लेकर हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, आरोपी बड़ा भाई फरार
मई में हुई थी सगाई, फरवरी 2027 में तय थी शादी
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मंगलवार को मां के ब्रह्मभोज के दौरान हुए पारिवारिक विवाद में छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार, परिवार में मां की तेरहवीं (ब्रह्मभोज) का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कार्यक्रम के खर्च को लेकर भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा पर अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) को गोली मारने का आरोप है।

मेडिकल कॉलेज में हुई मौत
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल शुभम को परिजन तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया। इस दौरान मझले भाई द्वारा मृतक की स्कूटी को क्षतिग्रस्त किए जाने की भी चर्चा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक उत्तरी (एसपी नॉर्थ) ज्ञानेंद्र कुमार सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर तलाश शुरू कर दी है।
शादी से पहले उजड़ गए सपने
मृतक सत्यप्रकाश उर्फ शुभम की मई माह में सगाई हुई थी और फरवरी 2027 में उसकी शादी निर्धारित थी। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों के साथ-साथ उसकी मंगेतर भी गहरे सदमे में आ गई।
गांव में शोक का माहौल
ग्रामीणों के अनुसार परिवार के चारों भाई—दुर्गविजय, श्यामू, सोनू और शुभम—मिलकर ब्रह्मभोज की तैयारियों में जुटे हुए थे। मां के निधन के बाद पहले से शोकाकुल परिवार में हुए इस हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
मां के ब्रह्मभोज के दिन हुई इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
