वाराणसी
नवी अहमद कैनवास बाल क्रिकेट टूर्नामेंट-एचडीएफसी क्रिकेट क्लब ने सीएसके को 39 रन से हराया, अनिल बने मैन ऑफ द मैच

वाराणसी। मिनी स्टेडियम शिवपुर में आयोजित स्वर्गीय नवी अहमद कैनवास बाल क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत रविवार को एचडीएफसी क्रिकेट क्लब और सीएसके क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। एचडीएफसी क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएसके को 39 रन से पराजित कर अगले दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एचडीएफसी क्रिकेट क्लब ने निर्धारित आठ ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाए। टीम की ओर से अनिल ने सर्वाधिक 31 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।76 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके क्रिकेट क्लब की टीम एचडीएफसी के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 35 रन पर सिमट गई। इस तरह एचडीएफसी क्रिकेट क्लब ने 39 रन से एकतरफा जीत दर्ज की।बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए अनिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजन समिति के सचिव नफीस अहमद पटेल ने बताया कि लीग चरण से एचडीएफसी क्रिकेट क्लब, जेडी इंडस्ट्री, बाबा स्पोर्टिंग क्लब, आशू इलेवन, शिवम् स्पोर्टिंग क्लब, कालमेट इलेवन, जय माता दी इलेवन और वर्मा स्पोर्टिंग क्लब सहित आठ टीमें अगले दौर में प्रवेश कर चुकी हैं।मैच में अंपायर की भूमिका मोहम्मद हिसामुद्दीन और डेविड ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी डम्पी ने संभाली। मैच के समापन पर मनीष टंडन ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।इस अवसर पर एचडीएफसी टीम के कप्तान अब्दुल कादिर सहित विशाल सिंह, टोनी, मनोज यादव, अभिलंब, अमरजीत, जिशान और शिवम् उपस्थित रहे।
