गाजीपुर
पीएम किसान योजना के लाभार्थियों के लिए वार्षिक ई-केवाईसी अनिवार्य
ई-केवाईसी न कराने पर रुक सकती है सम्मान निधि की किस्त
मोबाइल ऐप, जन सेवा केंद्र और कृषि विभाग के माध्यम से पूरी की जा सकेगी प्रक्रिया
गाजीपुर । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए अब वर्ष में एक बार ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत नई व्यवस्था लागू की गई है। निर्धारित अवधि के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले किसानों की योजना की किस्तें अस्थायी रूप से रोक दी जाएंगी। ई-केवाईसी पूर्ण होने के बाद ही अगली किस्त जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और वास्तविक पात्र किसानों तक सीमित रखने के उद्देश्य से वार्षिक ई-केवाईसी की व्यवस्था लागू की गई है। किसानों की सुविधा के लिए विभिन्न माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे वे आसानी से अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकें।
किसान प्रधानमंत्री किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे फेसियल ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम जन सेवा केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक ई-केवाईसी भी कराई जा सकती है। इसके लिए आधार कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होगा।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि न्याय पंचायत एवं विकास खंड स्तर पर तैनात विभागीय कर्मचारियों के माध्यम से भी किसानों की ई-केवाईसी कराई जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विभाग ने सभी लाभार्थी किसानों से समय पर ई-केवाईसी कराने की अपील की है, जिससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्तों का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके।
