Connect with us

वाराणसी

मानसून से पहले बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश के बाद सुबह से दोपहर तक शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। एक ओर सरकारी कार्यालयों और स्कूल-कॉलेजों की ओर जाने वाले लोगों की भीड़ रही, वहीं दूसरी ओर बस और ट्रेन पकड़ने वालों की संख्या अधिक होने के साथ बारिश से जलमग्न सड़कों ने व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी।

शुक्रवार सुबह मंडुवाडीह चौराहे से भिखारीपुर तिराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भारी जाम के चलते राहगीरों और कार्यालय जाने वाले लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस और मंडुवाडीह थाने के पुलिसकर्मी जाम हटाने में जुटे रहे, लेकिन हालात लंबे समय तक सामान्य नहीं हो सके।

भोर में लगभग चार से पांच बजे के बीच हुई मूसलाधार बारिश के कारण मंडुवाडीह चौराहे के निकट विराट एमएस अपार्टमेंट के सामने जलभराव हो गया। नालियों से पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर पानी जमा हो गया। इससे पैदल यात्री, साइकिल और बाइक सवार सड़क के बीच हिस्से से गुजरने लगे।

सड़क के किनारे एक फीट से अधिक पानी भरा होने के कारण लोगों को मजबूरन बीच सड़क से आना-जाना पड़ा। इससे एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई और धीरे-धीरे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई।

सुबह सात बजे के बाद यातायात का दबाव बढ़ते ही स्थिति और खराब हो गई। मंडुवाडीह चौराहे पर जाम का असर बढ़ते-बढ़ते भिखारीपुर तिराहे तक पहुंच गया। लगभग दो किलोमीटर लंबे जाम में कारों समेत सैकड़ों दोपहिया वाहन फंस गए।

Advertisement

इसी दौरान सुबह शिवगंगा एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें बनारस स्टेशन (मंडुवाडीह) पहुंचीं। ट्रेनों से उतरने वाले सैकड़ों यात्री ऑटो और ई-रिक्शा के लिए स्टेशन के बाहर एकत्र हो गए। पहले से जाम में फंसे ऑटो चालकों ने वहीं सवारियां बैठानी शुरू कर दीं, जिससे स्टेशन से चौराहे तक ई-रिक्शा और ऑटो की भीड़ और बढ़ गई।

ट्रेनों के पहुंचते ही 500 से अधिक यात्री एक साथ स्टेशन से बाहर निकल आए। सवारी लेने की होड़ में ऑटो चालक बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर रहे थे, जिससे यातायात और प्रभावित हुआ। जाम हटाने में ट्रैफिक पुलिस के चार सिपाही और मंडुवाडीह थाने के तीन पुलिसकर्मी लगातार लगे रहे। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे के बाद यातायात व्यवस्था कुछ हद तक सामान्य हो सकी।

जितेन्द्र यादव, ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बताया कि सुबह शिवगंगा एक्सप्रेस विलंब से पहुंची थी और उसी दौरान अन्य ट्रेनें भी आ गईं, जिससे सभी यात्री एक साथ बाहर निकल गए और काफी भीड़ एकत्र हो गई। उन्होंने कहा कि भोर में हुई बारिश के कारण मंडुवाडीह चौराहे के पास विराट एमएस के सामने पानी भर गया था, जिसके चलते एक लेन से राहगीर गुजरने लगे और जाम की स्थिति बन गई। हालांकि कुछ ही समय बाद आवागमन सामान्य हो गया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page