वाराणसी
बनकटी हनुमान मंदिर के पास बड़ा पेड़ गिरा, हादसे का बढ़ा खतरा
वाराणसी। बनकटी हनुमान मंदिर के पास स्थित एक गली में बड़ा पेड़ गिरने और आसपास की दीवार क्षतिग्रस्त होकर ढह जाने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रीय निवासी गिरीश कुमार मिश्रा का आरोप है कि कई शिकायतों और करीब 50 से अधिक प्रार्थना पत्र देने के बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक गली में गिरा पेड़ अब भी आवागमन में बाधा बना हुआ है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पेड़ गिरने से एक मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई, जिसके कारण जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बरसात और तेज हवाओं के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।
गिरीश कुमार मिश्रा ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। नागरिकों ने सवाल उठाया कि क्या किसी की जान जाने या गंभीर रूप से घायल होने के बाद ही कार्रवाई होगी।
मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि नगर निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ को हटाए, क्षतिग्रस्त इलाके का निरीक्षण करे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
