Connect with us

वाराणसी

बिजली व्यवस्था की बदहाली पर जूनियर इंजीनियर्स ने सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन की पूर्वांचल शाखा ने वितरण परिवर्तकों की बढ़ती क्षतिग्रस्ता, अवर अभियंताओं एवं प्रोन्नत अभियंताओं पर हो रही दंडात्मक कार्रवाई तथा विद्युत व्यवस्था संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा।

यह ज्ञापन प्रबंध निदेशक की ओर से निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) को प्रेषित किया गया, जबकि निदेशक तकनीकी को भी संवर्ग से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी गई।संगठन ने कहा कि वर्तमान में पर्याप्त संसाधन, सुरक्षा उपकरण और जरूरी मानव संसाधन उपलब्ध कराए बिना विद्युत व्यवस्था का संचालन कराया जा रहा है।

इसके चलते वितरण परिवर्तकों के खराब होने और दुर्घटनाओं की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। संगठन ने मांग की कि ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए और तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विद्युत कर्मचारियों और अवर अभियंताओं के खिलाफ बिना समुचित जांच के की जा रही दंडात्मक कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।

साथ ही जले हुए परिवर्तकों की ऑन साइट मरम्मत के लिए पर्याप्त कार्यदायी संस्थाएं, आवश्यक सामग्री और आधुनिक टी एंड पी उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके।संगठन ने विद्युत उपकेंद्रों और लाइनों के अनुरक्षण कार्यों के लिए पर्याप्त एवं प्रशिक्षित मैनपावर उपलब्ध कराने, सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई।

इसके अलावा अवर अभियंताओं के रिक्त पदों को जल्द भरने और फील्ड स्तर पर व्यावहारिक कार्य व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

Advertisement

संगठन ने प्रबंधन और शासन से सकारात्मक एवं व्यावहारिक निर्णय लेते हुए संवर्ग के हितों की रक्षा करने की मांग की।इस दौरान पूर्वांचल अध्यक्ष इं. नीरज बिंद, केंद्रीय उपमहासचिव इं. दीपक गुप्ता, पूर्वांचल उपाध्यक्ष इं. राम सिंह, सचिव इं. शिवम चौधरी, संरक्षक इं. अवधेश मिश्र, इं. आई.पी. सिंह, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य इं. पुष्कर उपाध्याय, क्षेत्रीय सचिव मिर्जापुर इं. अभिषेक प्रजापति, जनपद अध्यक्ष वाराणसी इं. सतीश बिंद, जनपद अध्यक्ष आजमगढ़ इं. सहदेव राम समेत बड़ी संख्या में अवर अभियंता और प्रोन्नत अभियंता मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page