वाराणसी
मंडलीय अस्पताल में शुरू हुई 24×7 एंटी रैबीज सेवा
वाराणसी। मंडलीय चिकित्सालय में अब 24 घंटे एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) और एंटी रैबीज सीरम (एआरएस) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे कुत्ते या अन्य जानवरों के काटने वाले मरीजों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि चिकित्सालय के 24 घंटे संचालित आकस्मिक चिकित्सा विभाग (इमरजेंसी) और ओपीडी कक्ष संख्या-12 में यह सुविधा दी जा रही है। पूर्वांचल में कुत्ते काटने के मामलों में मंडलीय चिकित्सालय प्रमुख केंद्र बना हुआ है। वर्ष 2026 में एक जनवरी से अब तक 21,613 मरीजों को एंटी रैबीज वैक्सीन तथा 371 मरीजों को एंटी रैबीज सीरम लगाया जा चुका है।
डॉ. बृजेश कुमार ने कहा कि उच्चतम न्यायालय एवं शासन के दिशा-निर्देशों के तहत यह नई व्यवस्था लागू की गई है। खासतौर पर रात के समय या छुट्टी के दिन आने वाले मरीजों को अब बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
