शिक्षा
BHU : सीयूईटी पीजी प्रवेश प्रक्रिया शुरू, चार जून तक खुला पंजीकरण पोर्टल
प्रो. भारद्वाज शुक्ला बोले- बुलेटिन पढ़कर ही करें पीजी प्रवेश पंजीकरण
वाराणसी। बीएचयू में सीयूईटी पीजी के तहत स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी पीजी अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण पोर्टल खोल दिया गया। चार जून की रात 11:59 बजे तक पंजीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद अभ्यर्थियों की कटऑफ जारी कर प्रवेश प्रक्रिया की तिथि घोषित की जाएगी।
सीयूईटी पीजी (CUET) का परिणाम 24 अप्रैल को जारी किया गया था। करीब 25 दिनों बाद बीएचयू ने पीजी पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की है। एनटीए से अर्ह अभ्यर्थियों की सूची मिलने और उसके सत्यापन में लगभग 25 दिनों का समय लगा।
अब पंजीकरण के लिए अभ्यर्थियों के पास 16 दिनों का समय होगा। बीएचयू में इस वर्ष पांच संस्थानों और 13 संकायों के करीब 150 विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जाएगा। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की जानकारी समेत अन्य सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी बीएचयू के प्रवेश बुलेटिन में उपलब्ध कराई गई है।
नए शैक्षणिक सत्र से स्नातकोत्तर स्तर पर कई नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत भी की जाएगी। इनमें मेडिकल साइंस के अलावा अन्य कोर्स शामिल हैं। साथ ही कुछ पाठ्यक्रमों में छात्र संख्या के आधार पर सीटों की संख्या में भी बदलाव किया गया है।
प्रवेश समन्वय सेल के अध्यक्ष प्रो. भारद्वाज शुक्ला ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि प्रवेश पंजीकरण से पहले बुलेटिन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और उसके निर्देशों के अनुसार आवेदन करें। इससे त्रुटियों से बचा जा सकेगा। प्रवेश प्रक्रिया सीयूईटी के अंकों के आधार पर पूरी की जाएगी।
