Connect with us

वाराणसी

कैंट स्टेशन क्षेत्र में वेश्यावृत्ति और अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती

Published

on

Loading...
Loading...

चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे बनेगा स्थायी पुलिस बूथ

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के आसपास वेश्यावृत्ति और अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सिगरा थाना पुलिस ने इलाके में कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में चौकाघाट फ्लाईओवर के पिलर नंबर 61 के नीचे स्थायी पुलिस बूथ बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पुलिस बूथ निर्माण के लिए नापी कराई। बताया जा रहा है कि यहां 24 घंटे सिगरा थाने की पुलिस की तैनाती रहेगी, जबकि रात के समय अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा। पुलिस की नजर कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित परेड कोठी, इंग्लिशिया लाइन, रोडवेज क्षेत्र और आसपास के गेस्ट हाउसों पर भी है।

पुलिस का कहना है कि इन इलाकों में चल रहे कथित देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। साथ ही अवैध रूप से संचालित गेस्ट हाउसों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा कैंट स्टेशन के सामने पेट्रोल पंप के पीछे दुकानदारों द्वारा सड़क और पार्किंग स्थल पर अवैध कब्जा कर पैसे लेकर ठेले-खोमचे लगवाने का मामला भी पुलिस के संज्ञान में आया है। इसको लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है।

Advertisement

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page