वाराणसी
Varanasi Airport : स्मार्ट कॉरिडोर से जुड़ेगा नया और पुराना टर्मिनल
ट्रेवलेटर सुविधा से लैस होगा एयरपोर्ट कॉरिडोर, बुजुर्गों और बच्चों को राहत
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर विस्तारीकरण का कार्य जारी है। इसके पूरा होने के बाद यात्रियों को कई नई सुविधाएं मिलेंगी। एयरपोर्ट पर दो टर्मिनल भवन होंगे। नए और पुराने टर्मिनल के बीच आने-जाने के लिए यात्रियों को बाहर नहीं निकलना पड़ेगा। इसके लिए स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जिसके माध्यम से यात्री बिना भीड़भाड़ के करीब 5 मिनट में एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक पहुंच सकेंगे।
एयरपोर्ट पर वर्तमान में एक टर्मिनल भवन संचालित है। विस्तारीकरण परियोजना के तहत एक नया टर्मिनल भवन भी बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पुराने टर्मिनल भवन से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और नए टर्मिनल भवन से घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा। एयरपोर्ट परिसर का दायरा बढ़ने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों टर्मिनल भवनों के बीच स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर बनाया जाएगा।
यह कॉरिडोर पूरी तरह कांच से ढका और वातानुकूलित होगा। इसमें बाहर का दृश्य स्पष्ट दिखाई देगा, जिससे यात्रियों को खुलापन महसूस होगा। साथ ही इसमें चलती पट्टी (ट्रेवलेटर) लगाए जाने की भी संभावना है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में आसानी होगी।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विस्तारीकरण के तहत कई परिवर्तन किए जा रहे हैं। इसमें काशी की संस्कृति को प्रदर्शित करने वाली डिजाइन और प्रवेश द्वार को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इसी परियोजना के अंतर्गत दोनों टर्मिनल भवनों को जोड़ने के लिए स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
