Connect with us

वाराणसी

वाराणसी में 12वीं तक के स्कूल 25 मई तक बंद, लू के कहर से बच्चों को राहत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मंगलवार दोपहर 12 बजे तक का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए अब स्कूलों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 12वीं तक के सभी विद्यालयों को 25 मई तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है।

जिलाधिकारी के आदेश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने सोमवार रात सभी स्कूलों के लिए अवकाश संबंधी आदेश जारी किया। बीएसए ने बताया कि मंगलवार से जिले के सभी परिषदीय विद्यालय, माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध स्कूल, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्ड के विद्यालयों में 25 मई तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

प्रदेश में गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शहरों में हालात ऐसे हैं मानो सड़कें भट्ठी की तरह तप रही हों। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भीषण तापलहरी की आशंका जताई है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घरों से बाहर निकलें।

मंगलवार तड़के करीब पांच बजे आसमान में हल्के बादल और ठंडी हवा चलने से कुछ समय के लिए मौसम राहत भरा लगा। सूर्योदय के समय लालिमा लिए सूर्य पूरी तरह दिखाई नहीं दिया। हालांकि यह स्थिति सुबह 6:30 बजे तक ही रही। इसके बाद बादल छंट गए और धूप ने तेजी पकड़ ली। सुबह नौ बजे तक वातावरण गर्म हो चुका था, जबकि सुबह 10 बजे ही तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। लू और तेज गर्मी ने सड़क पर निकले कामकाजी लोगों, ठेला-खोमचा लगाने वालों, रिक्शा और ऑटो चालकों को काफी परेशान किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page