वाराणसी
कार सवारों ने चाचा-भतीजे पर की फायरिंग, एक घायल
वाराणसी। शहर के लंका थाना क्षेत्र के रमना नुवांव सब्जी मंडी के पास देर रात करीब 10:30 बजे बाइक से घर लौट रहे चाचा-भतीजे पर अज्ञात कार सवारों ने फायरिंग कर दी। घटना में भतीजे पवन सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। संयोग अच्छा रहा कि गोली जानलेवा साबित नहीं हुई और दोनों की जान बच गई।
नुवांव लंका निवासी अरुण सिंह ने बताया कि वह अपने भतीजे पवन सिंह के साथ सुसुवाही कर्मनवीर से बाइक से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाईपास चौराहे से एक क्रेटा कार उनका पीछा करते हुए ओवरटेक करने लगी। घर से कुछ दूरी पहले ही कार सवार बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।
अरुण सिंह के मुताबिक, फायरिंग होते ही वह झुक गए, जिससे गोली उन्हें न लगकर पवन सिंह के हाथ में जा लगी। इसके बाद बदमाशों ने एक और फायर किया, लेकिन गोली दूर निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर प्रयागराज की ओर फरार हो चुके थे।
अरुण सिंह ने बताया कि कार का रंग काला था और उसका नंबर प्रयागराज का प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को स्वजन के साथ ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद घायल के स्वजन दहशत में हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित के अनुसार कार सवार लगातार हॉर्न बजा रहे थे, इसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
