गाजीपुर
डीएम और एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं
जमीनी विवादों के निस्तारण को लेकर पुलिस-राजस्व विभाग को समन्वय बढ़ाने के निर्देश
गाजीपुर (जयदेश)। जन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से तृतीय शनिवार को तहसील सेवराई में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुपम शुक्ला ने की तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 203 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सातों तहसीलों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 585 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 65 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील सदर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 72 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 16 का तत्काल निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 7 का मौके पर निस्तारण हुआ। तहसील जमानियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 46 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 04 मामलों का निस्तारण मौके पर किया गया।
तहसील जखनियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 125 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 07 का मौके पर समाधान किया गया। तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 43 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 03 का तत्काल निस्तारण हुआ। वहीं तहसील मुहम्मदाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 06 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना। कुछ मामलों का समाधान मौके पर ही कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी एवं आपसी विवाद प्रायः एक ही प्रकृति के होते हैं, इसलिए दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर विवादों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार सेवराई सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
