वाराणसी
मौसम विभाग का यलो-ऑरेंज अलर्ट जारी, लू और तपिश से बढ़ेगी परेशानी
वाराणसी। पूर्वांचल समेत वाराणसी के लिए मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए हीट वेव की चेतावनी दी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि नौतपा शुरू होने से करीब दस दिन पहले ही मौसम का रुख तेज गर्मी की ओर हो सकता है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से आगामी सप्ताह तक भीषण गर्मी का असर बना रहेगा और वातावरण में नमी की मात्रा धीरे-धीरे कम होती जाएगी। हालांकि लोकल हीटिंग के कारण बीच-बीच में बादलों की सक्रियता भी देखने को मिल सकती है।
शनिवार सुबह से ही गर्म हवाओं का प्रभाव महसूस किया गया। तेज धूप निकलने के साथ बाहर निकलने वाले लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। शनिवार दोपहर लू के थपेड़ों से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लड़कियां छाते और दुपट्टे से खुद को धूप से बचाती रहीं, वहीं युवा वर्ग गमछे के सहारे तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत पाने की कोशिश करता नजर आया। इस भीषण गर्मी में लोग चाय की जगह दही, मट्ठा, कोल्ड ड्रिंक, गन्ने का जूस और अन्य ठंडे पेय पदार्थों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सप्ताह भर हीट वेव सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे आने वाला सप्ताह चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वहीं लोकल हीटिंग की वजह से बादलों की गतिविधियां भी हो सकती हैं। बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। इस अवधि में न्यूनतम आर्द्रता 31 प्रतिशत और अधिकतम 46 प्रतिशत दर्ज की गई। आर्द्रता में कमी आई है, लेकिन नमी बढ़ने की स्थिति में बादलों की सक्रियता भी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार हीट वेव पूरे सप्ताह प्रभावी रह सकती है। साथ ही नौतपा के दौरान भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। ऐसे में अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद मानसून आने के बाद ही नजर आ रही है।
