वाराणसी
दालमंडी में चौड़ीकरण कार्य के बीच पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा
वाराणसी। दालमंडी में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के बीच कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। संवेदनशील माने जाने वाले इस इलाके में बढ़ती भीड़, बदले यातायात और निर्माण कार्य को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पूरे चौड़ीकरण क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर निर्माण स्थलों, प्रभावित गलियों, बाजारों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का जायजा लिया गया। साथ ही पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत, रात्रि प्रकाश व्यवस्था, पैदल यात्रियों के सुरक्षित मार्ग और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्माण स्थलों पर त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर टेप और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। “प्रवेश निषेध” और “निर्माण कार्य प्रगति पर है” जैसे सूचना पट्ट लगाने के साथ निर्माण एजेंसी को रोजाना सुरक्षा मानकों का सत्यापन करने को कहा गया। सड़क पर मलबा न फैले, इसके लिए निर्धारित स्थान पर ही डंपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।
रात्रिकालीन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण स्थलों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर पर्याप्त रोशनी, खुले बिजली तारों की जांच और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित अस्थायी मार्ग विकसित करने पर जोर दिया गया। भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग, जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने, सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर कार्रवाई की बात कही गई। आपातकालीन सेवाओं के लिए वैकल्पिक मार्ग तय करने और क्यूआरटी टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान डीआईजी शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी, चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
