वाराणसी
शंकराचार्य के सान्निध्य में गोरखपुर से निकली गविष्ठी यात्रा कल पहुंचेगी काशी
काशी में विभिन्न स्थानों पर शंकराचार्य का होगा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन
वाराणसी। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के सान्निध्य में गोरखपुर से प्रारंभ हुई 81 दिवसीय गविष्ठी गौरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा बुधवार को मिर्जापुर होते हुए काशी पहुंचेगी। गविष्ठी यात्रा के काशी आगमन पर सभी विधानसभाओं में सनातनी जनता द्वारा शंकराचार्य जी का भव्य स्वागत, अभिनंदन एवं वंदन किया जाएगा।

यह जानकारी शंकराचार्य महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने दी। उन्होंने बताया कि 81 दिवसीय यह गविष्ठी यात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में जाएगी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच गौमाता के प्राणों की रक्षा तथा उन्हें राष्ट्र एवं राज्यमाता घोषित कराने की मांग को लेकर शंकराचार्य जी महाराज द्वारा निकाली जा रही इस यात्रा को सभी विधानसभाओं में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। साथ ही जनता शंकराचार्य जी की गौभक्ति एवं गौरक्षार्थ किए जा रहे उनके तप की मुक्त कंठ से सराहना कर रही है।

उन्होंने बताया कि कल गविष्ठी यात्रा काशी में रोहनिया, कैंट, दक्षिणी, उत्तरी होते हुए शिवपुर विधानसभा पहुंचेगी, जहां शंकराचार्य जी रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद अगले दिन गविष्ठी यात्रा अजगर, पिंडरा, सेवापुरी एवं भदोही होते हुए अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होगी।
