सियासत
तमिलनाडु में 717 शराब दुकानों पर लगेगा ताला, सीएम विजय का बड़ा फैसला
नई दिल्ली। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद विजय लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। अब उन्होंने राज्य में पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड के पास संचालित शराब की दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) द्वारा संचालित शराब दुकानों का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि उन दुकानों की पहचान की जा सके जो पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड के आसपास चल रही हैं।
एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, “आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड से 500 मीटर के दायरे में स्थित 717 खुदरा शराब दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश जारी किया है। वर्तमान समय में तमिलनाडु राज्य विपणन निगम द्वारा 4,765 खुदरा शराब दुकानें संचालित की जा रही हैं।”
प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा गया, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (Chandrasekaran Joseph Vijay) ने सर्वे कर उन दुकानों की पहचान करने के निर्देश दिए, जो पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड से 500 मीटर की सीमा के भीतर स्थित हैं। आदेश के अनुपालन में यह पाया गया कि इन तीन निर्धारित श्रेणियों के अंतर्गत फिलहाल 717 खुदरा शराब दुकानें संचालित हो रही हैं।”
बता दें कि तमिलनाडु राज्य विपणन निगम द्वारा संचालित शराब दुकानों से राज्य सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है। हालांकि, विभिन्न राजनीतिक दल समय-समय पर इन दुकानों को बंद करने की मांग उठाते रहे हैं। TASMAC इस समय प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के दायरे में भी है। पिछले वर्ष जांच एजेंसी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत तमिलनाडु के कई स्थानों पर छापेमारी की थी।
टीवीके (TVK) ने अपने घोषणापत्र में नशामुक्त तमिलनाडु बनाने का वादा किया था। ऐसे में पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड से 500 मीटर के दायरे में स्थित शराब दुकानों को बंद करने का निर्णय उसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
