जौनपुर
इनवेस्टमेंट-बेटिंग एप से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। जनपद में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के अभियान के तहत जौनपुर पुलिस ने ऑनलाइन इनवेस्टमेंट और बेटिंग एप के माध्यम से आर्थिक अपराध करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को लाखों रुपये की साइबर ठगी के खुलासे के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि जौनपुर में संगठित गिरोह बनाकर इनवेस्टमेंट फ्रॉड किया जा रहा है। इस पर साइबर क्राइम थाना जौनपुर की टीम ने जांच, पतारसी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से साइबर क्राइम पोर्टल, एनसीआरपी पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर जांच करते हुए गिरोह का पता लगाया।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त विभिन्न राज्यों के लोगों को इनवेस्टमेंट और ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे। वे फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते और फर्जी सिम का उपयोग करते थे। ठगी से प्राप्त धनराशि अपने तथा परिचितों के खातों में मंगाकर नकद निकासी कर लेते थे। अभियुक्त कृष्णा सिंह पुत्र अरविन्द सिंह और रामप्रताप सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से कुल 61 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें लगभग 30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। संबंधित राज्यों से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा साइबर फ्रॉड से अर्जित संपत्तियों की जांच भी की जा रही है।
अभियुक्तों द्वारा वाराणसी में किराये के मकान में कार्यालय बनाकर टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता था। पहले छोटे निवेश के बाद बड़े लाभ का झांसा देकर उनसे अधिक धनराशि निवेश कराई जाती थी। जांच में यह भी पाया गया कि एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से 61 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं और गिरोह द्वारा लगभग 70 लाख रुपये खातों में मंगाकर चेक और एटीएम के माध्यम से निकाले गए।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना जौनपुर में एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 21/2026 धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस तथा 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कृष्णा सिंह पुत्र अरविन्द सिंह निवासी काजीहज कोट पोस्ट नोनारी थाना नेवढ़िया जनपद जौनपुर, उम्र लगभग 22 वर्ष तथा रामप्रताप सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह निवासी उचहुआ करनेहुआ पोस्ट कोईलारी थाना चन्दवक, जौनपुर, उम्र लगभग 34 वर्ष शामिल हैं। कृष्णा सिंह का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है, जबकि रामप्रताप सिंह के विरुद्ध पूर्व में मुकदमा अपराध संख्या 269/2023 धारा 120बी, 363, 376डी, 506 भादवि तथा 5G, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, पांच कूटरचित आधार कार्ड तथा विभिन्न खातों में होल्ड लगभग 20 लाख रुपये बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना महेश पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल राजेश यादव, उपनिरीक्षक आलोक सिंह, महिला उपनिरीक्षक नीलम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
