जौनपुर
आजाद बिंद हत्याकांड : एक लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर
जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले के चर्चित दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड में नामजद फरार तीन आरोपितों में से एक रवि यादव को घटना के 25 दिन बाद पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी निवासी रवि यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एसआईटी और एसटीएफ लगातार आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के चिकसांवा निवासी प्रदीप बिंद, खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी निवासी रवि यादव तथा सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर निवासी भोले राजभर की तलाश में जुटी थी। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर सोमवार भोर में रवि यादव को मार गिराया गया।

आजाद बिंद जिसकी शादी वाले दिन हत्या कर दी गई
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी मोरख नाथ बिंद की पुत्री सोनी बिंद के साथ तय हुई थी।
एक मई की रात बारात लेकर जाते समय घर से करीब सात किलोमीटर दूर खेतासराय के बादशाही बाजार के पास रात लगभग 8:30 बजे बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने कार रोककर आजाद बिंद को गोली मार दी थी और मौके से फरार हो गए थे।
आजाद बिंद के पिता राम लखन बिंद की तहरीर पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में शरणदाता और सहयोगियों के रूप में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
