गोरखपुर
“ऑपरेशन एंटी चीयर्स” से मचा हड़कंप, पुलिस ने दिखाई सख्ती
गोरखपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और सार्वजनिक स्थलों पर फैल रही अव्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस ने रविवार को “ऑपरेशन एंटी चीयर्स” के तहत व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 903 व्यक्तियों के विरुद्ध चालान किया गया, जिससे पूरे जिले में हलचल मच गई।
यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर, उत्तरी और दक्षिणी के पर्यवेक्षण में एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क, बाजार, चौराहों समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की। मौके पर शराब पीते पाए गए लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन से सामाजिक माहौल प्रभावित होता है और इससे अपराध की आशंका भी बढ़ती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए इस अभियान को अंजाम दिया गया, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई जारी रखी। इस कार्रवाई के बाद शहर में स्पष्ट संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने जैसी गतिविधियां अब किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएंगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहर में अनुशासन और सुरक्षा की स्थिति बेहतर होगी।पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
