गोरखपुर
गिरोह बनाकर चोरी करने वाले सात अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद गोरखपुर द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना कैण्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैण्ट पर दर्ज मु0अ0सं0 180/2026 धारा 303(2) बीएनएस से जुड़े सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में विवेक कुमार पुत्र दुशासन, ललितेश पुत्र देवकीनंदन, नरेंद्र पुत्र वेद प्रकाश, अमन पुत्र स्व0 सूरज, अर्जुन पुत्र सत्यप्रकाश, मुकेश कुमार पुत्र कारी सिंह तथा नीरज कुमार पुत्र महेश चंद्र शामिल हैं। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 15 सेफ्टी पिन, 10 फोल्डिंग छोटे चाकू, 10 छोटी कैंची, एक साड़ी तथा 4000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) व 112 बीएनएस की वृद्धि की गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। मुकेश इस गिरोह का सक्रिय सदस्य है और यह गैंग विभिन्न शहरों में जाकर अलग-अलग होटलों में ठहरता था। रोजाना सुबह लगभग साढ़े तीन बजे गैंग लीडर व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से सभी सदस्यों को जगाता था और करीब साढ़े चार बजे वीडियो या वॉयस कॉल कर घटना स्थल की जानकारी देता था। इसके बाद सभी सदस्य निर्धारित स्थान जैसे बस स्टेशन या रेलवे स्टेशन पहुंचते थे, जहां गैंग लीडर यात्रियों को चिन्हित करता था।
यात्री का सामान रखने के बहाने ये सभी उसके आसपास इकट्ठा हो जाते थे और मौका मिलते ही बैग काटकर कीमती सामान व जेवर निकाल लेते थे, इसके बाद अलग-अलग बसों से उतरकर फरार हो जाते थे। घटना के संबंध में बताया गया कि 17 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 7 बजे वादी अपनी पत्नी के साथ गोरखपुर बस स्टेशन से फाजीलनगर जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनका ट्रॉली बैग बस में रखा था। फाजीलनगर पहुंचने पर बैग की जांच करने पर उसमें रखे आभूषण, लगभग 7000 रुपये नकद और एक साड़ी गायब मिली।
वादी की तहरीर पर थाना कैण्ट में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।गिरफ्तार अभियुक्तों में विवेक कुमार निवासी संत नगर चंदवार गेट थाना कॉलोनी लाइनपार जिला फिरोजाबाद, ललितेश निवासी संत नगर चंदवार गेट थाना कॉलोनी लाइनपार जिला फिरोजाबाद, नरेंद्र निवासी संत नगर चंदवार गेट थाना कॉलोनी लाइनपार जिला फिरोजाबाद, अमन निवासी मक्कनपुर थाना मक्कनपुर जिला फिरोजाबाद, अर्जुन निवासी संत नगर चंदवार गेट थाना कॉलोनी लाइनपार जिला फिरोजाबाद, मुकेश कुमार निवासी उधैना पोस्ट जलेसर रोड थाना सहपऊ जिला हाथरस तथा नीरज कुमार निवासी जैन नगर खेड़ा थाना उत्तर जिला फिरोजाबाद शामिल हैं।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त अर्जुन और मुकेश के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध भी संबंधित मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
