गाजीपुर
चार पशु तस्कर गिरफ्तार, 24 गौवंश बरामद
भांवरकोल (गाजीपुर) जयदेश। पुलिस अधीक्षक एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशानुसार और क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद के मार्गदर्शन मे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराधी एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ के तहत थानाध्यक्ष भांवरकोल अपने हमराहियों के साथ सघन चेकिंग अभियान चला रहे थे। मुखबिर की सूचना के आधार पर दो मिनी ट्रकों से 24 गौवंश बरामद कर चार गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गौ-तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है और भांवरकोल पुलिस की सक्रियता की चर्चा हो रही है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अवैध रूप से गौवंश को मिनी ट्रकों में लादकर सहारनपुर से बिहार के चौसा मार्ग के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जा रहे हैं, जहां उन्हें गोवध के लिए भेजा जाना था। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया और संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी।
घेराबंदी कर पुलिस ने दो मिनी ट्रकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रकों में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर गौवंश भरे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से कुल 24 गौवंश बरामद किए, जिनमें 14 गाय, 8 बछड़े और 2 मृत गाय शामिल थीं।
पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय नेहरा (30 वर्ष), अमित कुमार (26 वर्ष), कुलदीप कुमार (25 वर्ष) और बलविंदर (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी हरियाणा राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों मिनी ट्रकों का नंबर HR 45 E 0165 और HR 45 E 0484 है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गौवंश को अवैध तरीके से एक राज्य से दूसरे राज्य में ले जाकर तस्करी कर रहे थे।
पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय की सक्रिय भूमिका रही। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस अभियान में उपनिरीक्षक मोरध्वज दूबे, हेड कांस्टेबल आशुतोष पांडेय, कांस्टेबल पियूष सिंह, रोहित, आशीष, मधुरेन्द्र, धर्मेंद्र, राहुल, दुर्गेश, संदीप, सुमित और वैभव सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
भांवरकोल पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को गौतस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
