गाजीपुर
आंधी से बघांव गौ आश्रय स्थल को भारी नुकसान, 102 गायों के सामने गहराया संकट
बहरियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। बहरियाबाद क्षेत्र में गर्मी के मौसम में असमय आए भीषण चक्रवाती तूफान, धूल भरी आंधी व वर्षा ने ग्राम पंचायत बघांव स्थित अस्थाई गौ आश्रय स्थल को काफी क्षति पहुंचाई है, जिससे पशुओं को रहने के लिए समस्या बन गई है।

इस गौ आश्रय स्थल में लगे टीन शेड तथा सीमेंट शेड आंधी की तीव्रता को झेल नहीं पाए। भयंकर आंधी के चलते लगभग सभी शेड टूट-फूट कर चकरोड़ पर तथा दूसरी तरफ खेतों में बिखर गए। ग्राम प्रधान तेतरी देवी के प्रधान प्रतिनिधि उदयभान ने बताया कि पशु आश्रय स्थल बघांव में वर्तमान में कुल 102 गाय रहती हैं। पशुओं को रहने के लिए टीन शेड तथा सीमेंटेड शेड के तीन पशु आश्रय स्थल हैं, जिनमें से दो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें बारह कर्कट टूट-फूट गए हैं। भूसा, चोकर, हरा चारा के लिए दो गोदाम हैं। बड़े वाले भूसा चोकर गोदाम की छत पर लगे अड़सठ में चौसठ शेड क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक मात्र केयर टेकर आवास सुरक्षित है। गौशाला में बंधे तीन पशु आंशिक रूप से घायल हुए थे। गोदाम में रखा तीन सौ क्विंटल भूसा, बीस बोरी चोकर, तीन टीन गुड़, दो बोरी नमक भींग गए। आनन-फानन में प्लास्टिक का तिरपाल लाकर भूसा को अस्थायी रूप से ढका गया।

पूरब तरफ बाउंड्री की जाली पर उड़कर शेड गिरने से जाली क्षतिग्रस्त हो गई है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सरजीत सिंह ने कहा है कि भूसा व चोकर को फिलहाल तिरपाल से ढक दिया गया है, गौशाला की अविलंब मरम्मत कराई जाएगी, जिससे पशुओं को कठिनाई न हो। इसके अलावा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के पेड़-पौधे, बिजली का खंभा उखड़ने से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे बिजली बाधित होने से बिजली धारकों में हाहाकार मचा हुआ है।
