मनोरंजन
‘राजा शिवाजी’ की रिलीज से पहले जबरदस्त बज, एडवांस बुकिंग ने बढ़ाई उत्सुकता
नई दिल्ली। हिंदी और मराठी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता रितेश देशमुख की बहुप्रतीक्षित पीरियड ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है, जिससे यह साफ है कि दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर खासा क्रेज बना हुआ है।
‘राजा शिवाजी’ लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है। इस मल्टीस्टारर फिल्म में रितेश देशमुख न केवल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। हाल ही में फिल्म का लेटेस्ट ट्रेलर रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि फिल्म के मराठी वर्जन की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी ने ‘राजा शिवाजी’ के मराठी संस्करण की टिकटों की एडवांस बुकिंग खोल दी है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जो उत्साह है, उसे देखते हुए इसके बंपर एडवांस कलेक्शन की उम्मीद जताई जा रही है।यह पीरियड ड्रामा फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला आमिर खान के बेटे और अभिनेता जुनैद खान की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म ‘एक दिन’ से देखने को मिलेगा।
‘राजा शिवाजी’ महान मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित बायोपिक है। फिल्म में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। उनके साथ संजय दत्त, जेनेलिया डिसूजा, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन और फरदीन खान जैसे कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
