Connect with us

गाजीपुर

सैदपुर नगर में अतिक्रमण से भीषण जाम, कड़ी धूप में राहगीर बेहाल

Published

on

Loading...
Loading...

सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। नगर में इन दिनों अतिक्रमण की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। मुख्य मार्गों सहित अधिकांश सड़कों पर दुकानदारों द्वारा सड़क तक दुकानें फैलाने और ठेले-खोमचे लगाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है। इसका सीधा असर आम राहगीरों पर पड़ रहा है, जो भीषण गर्मी और कड़ी धूप में घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं।

नगर के मेन मार्केट रोड की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है, जहां स्थानीय दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर सड़क का बड़ा हिस्सा घेर लिया गया है। इससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति उस समय और भी गंभीर हो जाती है जब स्कूलों की छुट्टी होती है। बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों और वाहनों की भीड़ के चलते घंटों लंबा जाम लग जाता है। इससे स्कूली बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा नई सड़क त्रिमुहानी से लेकर रामकरन सेतु तक ठेले पर घूम-घूमकर सामान बेचने वाले व्यापारी बीच सड़क पर ही दुकान लगाकर यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदार शासन-प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है और मूकदर्शक बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की है, ताकि आम जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page