गोरखपुर
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी वायरल करने पर मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र की एक गांव युवती ने गांव के ही एक युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी छवि खराब करने, शादी में बाधा उत्पन्न करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने गोला थाना पर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, युवती की शादी निकट भविष्य में तय है। आरोप है कि गांव का ही एक युवक फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवती के फोटो और वीडियो प्रसारित कर उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचा रहा है। साथ ही वह युवती के होने वाले पति को फोन कर उसके बारे में भ्रामक और आपत्तिजनक बातें बताकर शादी में बाधा डालने का प्रयास कर रहा है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। युवती के अनुसार, आरोपी एकतरफा दबाव बना रहा है और पूर्व से रंजिश रखता है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पहले बहला-फुसलाकर उसके फोटो और वीडियो बना लिए गए थे, जिन्हें अब सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम किया जा रहा है। इससे उसकी शादी पर संकट उत्पन्न हो गया है। पीड़िता ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के साक्ष्य भी संलग्न किए गए हैं।
थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि तहरीर व साक्ष्यों के मुताबिक युवक के उपर बीएनएस की धारा 352, 351(3) तथा धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
