वाराणसी
सीमांकन के बाद दोबारा कब्जे का आरोप, दंपति के खिलाफ केस दर्ज
वाराणसी। जनपद के सिंधोरा थाना क्षेत्र में 90 वर्षीय विधवा की जमीन पर सीमांकन के बाद पुनः अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंधोरा निवासी मलरा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी भूमि, जिसका विवरण आराजी संख्या 1049 तथा रकबा 0.0730 हेक्टेयर है, के सीमांकन के लिए सम्पूर्ण समाधान दिवस में आवेदन किया था। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कर सीमांकन कराया। मौके पर तार और खंभों के माध्यम से बाउंड्री भी तैयार की गई तथा विपक्षी द्वारा रखी गई नाद-चरनी को हटा दिया गया था।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिनों बाद रमेश पुत्र भज्जू राम और उसकी पत्नी ने दोबारा नाद-चरनी रखकर जमीन पर कब्जा कर लिया और सीमांकन के दौरान लगाए गए तार-खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
मलरा देवी के अनुसार, जब उन्होंने अपनी जमीन पर पहुंचकर इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर घायल हो गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रकरण में रमेश और उसकी पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रामपाल सरोज को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
