Connect with us

शिक्षा

UP College : उपद्रव और तोड़फोड़ मामले में प्राचार्य ने छात्रों पर दर्ज कराया केस

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। उदय प्रताप कालेज में बीते शुक्रवार बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद उपजे तनाव और तोड़फोड़ की घटना में प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कालेज व छात्रावास के छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रों पर उपद्रव करने तथा कालेज संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह द्वारा शिवपुर थानाध्यक्ष को दी गई तहरीर के अनुसार, 20 मार्च की सुबह करीब 11:10 बजे विज्ञान भवन के पोर्टिको में प्राचार्य, मुख्य नियंता, विज्ञान संकायाध्यक्ष सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे। इसी दौरान कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के कक्ष संख्या 12 के समीप गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

Loading...

आवाज सुनकर शिक्षक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां छात्र सूर्य प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। तत्काल उसे कालेज वाहन से मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वहां उपचार से मना कर दिया गया। इसके बाद छात्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद कालेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित छात्रों ने प्राचार्य आवास पहुंचकर उनके निजी वाहन में तोड़फोड़ की, वहीं कालेज के बाहर खड़े शिक्षकों और कर्मचारियों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के चलते परिसर में भय का वातावरण व्याप्त हो गया है और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। प्राचार्य ने पुलिस से मामले में संज्ञान लेकर विधिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page