गोरखपुर
त्योहारों पर सतर्कता के निर्देश, असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर
गोरखपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंडलायुक्त, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) रेंज गोरखपुर, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर के संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया गया।
यह फ्लैग मार्च थाना राजघाट और कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों तथा संवेदनशील स्थानों पर निकाला गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। साथ ही, त्योहारों के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आपात सेवाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के चलते क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ और आमजन में विश्वास बढ़ा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
