गोरखपुर
शिवराज सिंह चौहान संग गोरखपुर के पर्वतारोही नीतिश सिंह ने किया पौधारोपण
हरित भारत के संकल्प को मिली नई ऊर्जा, युवाओं से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील
गोरखपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के तहत गोरखपुर के अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही नीतिश सिंह ने राजधानी दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच खेल, युवाओं की भूमिका और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के पश्चात अशोका रोड स्थित मंत्री आवास के समक्ष संयुक्त रूप से पौधारोपण कर “हरित भारत” के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नीतिश सिंह ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी बन चुकी है। तेजी से बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर ठोस प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति यदि अपने जीवन में नियमित रूप से पौधारोपण और उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो देश में हरियाली बढ़ाना कोई कठिन कार्य नहीं है।” नीतिश ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से भी पर्यावरण जागरूकता फैलाएं और इसे एक जनभागीदारी अभियान में बदलें।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नीतिश सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर निरंतर चलने वाली प्रक्रिया होनी चाहिए। “जब तक हम लगाए गए पौधों की देखभाल नहीं करेंगे, तब तक पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य अधूरा रहेगा।” उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करें।
नीतिश सिंह ने इस अवसर पर अपने पर्वतारोहण अनुभवों को भी साझा किया और बताया कि ऊंची चोटियों पर जाकर उन्होंने प्रकृति के बदलते स्वरूप को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि ग्लेशियरों का पिघलना, बर्फ की परतों का कम होना और मौसम के पैटर्न में बदलाव जैसे संकेत स्पष्ट रूप से जलवायु परिवर्तन की गंभीरता को दर्शाते हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास बेहद आवश्यक हैं।
गौरतलब है कि नीतिश सिंह गोरखपुर के एक प्रतिभाशाली एवं उभरते हुए अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही हैं, जिन्होंने अब तक विश्व के आठ देशों की सबसे ऊंची चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारत का तिरंगा फहराया है। उनकी इन उपलब्धियों ने न केवल गोरखपुर, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। वे लगातार युवाओं को खेल, साहसिक गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करते रहे हैं।
इस कार्यक्रम में अमन रावत सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान को आगे बढ़ाएंगे और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
